जरूरी नहीं कि सच्चाई जानकर भ्रम टूट ही जाए!
सड़क पर चलते हुए या गाड़ी में सफर करते हुए कभी चाँद को ध्यान से देखना। ऐसा लगेगा जैसे चाँद भी हमारे साथ-साथ चल रहा है। हम जहाँ जाते हैं, चाँद भी हमारे साथ जाता हुआ दिखाई देता है।
लेकिन मजेदार बात यह है कि हमारे पीछे 10 किलोमीटर दूर चल रहे किसी दूसरे व्यक्ति को भी बिल्कुल यही भ्रम हो रहा होगा। उसे भी लगेगा कि चाँद मेरे साथ चल रहा है। सड़क पर चल रहे हर व्यक्ति को ऐसा ही महसूस हो सकता है।
लेकिन सच्चाई यह है कि चाँद किसी के साथ नहीं चल रहा। वह अपनी जगह है। यह हमारी देखने की स्थिति और दूरी के कारण पैदा होने वाला एक भ्रम है।
अब एक और दिलचस्प बात समझिए।
इंसान को पता है कि चाँद उसके साथ नहीं चलता। उसे इसकी सच्चाई भी मालूम है, लेकिन फिर भी जब वह सड़क पर गाड़ी चलाता है तो उसे चाँद अपने साथ चलता हुआ ही दिखाई देता है।
यानी सच्चाई जानने के बावजूद उसका भ्रम नहीं टूटता।
इसका मतलब यह है कि जरूरी नहीं कि सच्चाई जान लेने से हर भ्रम खत्म हो जाएगा। कुछ भ्रम ऐसे भी होते हैं जो प्राकृतिक नियमों के कारण बने रहते हैं।
अब जरा भक्ति को देखिए।
भक्त को भी हमेशा ऐसा ही लगता है कि ईश्वर उसके साथ है। वह जहाँ जाता है, ईश्वर उसके साथ जाता है। वह जो काम करता है, ईश्वर उसकी मदद करता है।
अगर उसका कोई काम बन जाए तो उसे लगता है कि ईश्वर ने उसकी मदद की है। अगर काम बिगड़ जाए तो कहता है कि शायद ईश्वर की यही मर्जी थी।
अगर उसे चोट लग जाए तो भी वह यही मानता है कि ईश्वर की मर्जी के बिना ऐसा नहीं हो सकता था।
लेकिन कभी वह यह नहीं सोचता कि जिस ईश्वर को वह हर समय अपने साथ महसूस करता है, वह आखिर उसकी मदद करता कहाँ है?
दरअसल, इंसान को कई बार अपनी अनुभूति इतनी वास्तविक लगती है कि वह उसे ही सच्चाई मानने लगता है। जबकि किसी चीज का महसूस होना और वास्तव में उसका मौजूद होना, दोनों अलग-अलग बातें हैं।
चाँद आज भी हमारे साथ चलता हुआ दिखाई देता है, जबकि हम उसकी सच्चाई जानते हैं। इसलिए हर भ्रम का टूटना जरूरी नहीं है।
लेकिन एक बात हमेशा याद रखनी चाहिए कि भ्रम का बने रहना और भ्रम को सच मान लेना, दोनों अलग-अलग बातें हैं।
इसलिए हमेशा सच्चाई के साथ चलना चाहिए, भ्रम का पीछा नहीं करना चाहिए।

Comments
Post a Comment