पाखंडियों से सावधान! बिना सबूत किसी के परिवार पर ऐसे आरोप लगाना कितना सही?
सोशल मीडिया पर छतरपुर के अजयपाल बाबा का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में बाबा एक युवक से कहते दिखाई देते हैं कि तुम्हारी पत्नी का किसी दूसरे व्यक्ति के साथ चक्कर है। यहां तक कि वह युवक के बच्चों के पितृत्व पर भी सवाल उठाते हैं और उसे दूसरी शादी करने की सलाह देते हैं।
अब जरा सोचिए, अगर कोई व्यक्ति किसी बाबा की बातों पर आंख बंद करके भरोसा कर ले तो उस परिवार का क्या होगा? एक महिला की इज्जत, पति-पत्नी का रिश्ता और बच्चों का भविष्य सब कुछ खतरे में पड़ सकता है।
मेरा सवाल सीधा है कि आखिर बाबा ने किस आधार पर इतना बड़ा दावा कर दिया? क्या कोई DNA जांच हुई थी? क्या कोई सबूत था? अगर नहीं, तो किसी के चरित्र और बच्चों के पितृत्व पर इस तरह का दावा करना कितना सही है?
किसी व्यक्ति को यह अधिकार नहीं है कि वह बिना प्रमाण किसी के पारिवारिक जीवन के बारे में ऐसी बातें करे। अगर किसी को शक है तो उसकी जांच के लिए वैज्ञानिक तरीके मौजूद हैं। DNA टेस्ट से जैविक पितृत्व का पता लगाया जा सकता है, किसी बाबा के बोल देने से नहीं।
हमारे समाज की सबसे बड़ी समस्या यही है कि लोग अपनी बुद्धि और विवेक का इस्तेमाल करने के बजाय किसी व्यक्ति को चमत्कारी मानकर उसकी हर बात पर भरोसा करने लगते हैं।
ध्यान रखिए, सवाल पूछना गलत नहीं है, सवाल पूछना जरूरी है। किसी को भी इतना बड़ा अधिकार मत दीजिए कि वह आपके परिवार और जिंदगी के फैसले अपने मन से करने लगे।
आस्था रखिए या मत रखिए, लेकिन अपनी बुद्धि किसी के पास गिरवी मत रखिए। पाखंडियों से सावधान रहिए!

Comments
Post a Comment