भगवान कृष्ण ने किन लोगों को कहा था 'गधा'? श्रीमद्भागवत का चौंकाने वाला श्लोक
क्या आप जानते हैं कि भगवान कृष्ण ने किन लोगों को 'गधा' कहा है? रुकिए! यह कोई मेरी तरफ से बनाई गई बात नहीं है और न ही किसी आलोचक की गाली है, बल्कि हमारे ही धर्मशास्त्रों में लिखा एक ऐसा श्लोक है, जो आपकी धार्मिक सोच को पूरी तरह हिलाकर रख सकता है।
अगर आप रोज सुबह-शाम मंदिर जाते हैं, मूर्तियों की विधि-विधान से पूजा करते हैं, धर्म-कर्म में गहरा विश्वास रखते हैं और खुद को भगवान का सच्चा भक्त समझते हैं, तो यह बात आपको सोचने पर मजबूर कर देगी। आखिर कृष्ण जैसे भगवान ने ऐसी धार्मिक सोच रखने वाले व्यक्ति के लिए इतने कड़े शब्दों का इस्तेमाल क्यों किया? क्या केवल मंदिर जाने, मूर्तियों के सामने सिर झुकाने और धार्मिक कर्मकांड करने से कोई इंसान वास्तव में आध्यात्मिक हो जाता है?
आज हमारे समाज का एक कड़वा सच यह है कि लोग धर्म, जाति और ईंट-पत्थर से बने धार्मिक ढांचों के नाम पर एक-दूसरे के प्रति नफरत फैलाने में लगे हुए हैं। मंदिरों और मूर्तियों की रक्षा के नाम पर लोग सड़कों पर उतर आते हैं। एक-दूसरे से लड़ने और मरने-मारने तक को तैयार हो जाते हैं। लेकिन जरा सोचिए, जब यही लोग किसी मंदिर की सीढ़ियों से नीचे उतरते हैं और बाहर कोई भूखा, लाचार या जरूरतमंद इंसान मदद की उम्मीद में बैठा मिलता है, तो कितने लोग वास्तव में उसकी मदद करने के लिए रुकते हैं?
हम घंटों किसी पत्थर की मूर्ति के सामने सिर झुकाते हैं, उस पर फूल और दूध चढ़ाते हैं, लेकिन हमारे सामने कोई जीता-जागता इंसान दुखी और परेशान हो तो हम उसे नजरअंदाज करके आगे निकल जाते हैं। आखिर यह कैसी भक्ति है? क्या भगवान की पूजा करने का अर्थ केवल बेजान प्रतीकों के सामने अपनी श्रद्धा दिखाना है? क्या इंसान के प्रति दया, प्रेम, सम्मान और संवेदना का कोई महत्व नहीं है?
हैरानी की बात तो यह है कि ऐसे लोग खुद को बहुत बड़ा धर्मरक्षक और धार्मिक ज्ञानी समझते हैं। लेकिन अगर किसी व्यक्ति की धार्मिकता उसके व्यवहार में दिखाई ही नहीं देती, अगर उसकी पूजा-पाठ से उसके भीतर विवेक, करुणा और इंसानियत पैदा नहीं होती, तो फिर उसकी धार्मिकता का वास्तविक अर्थ क्या है?
इसी विषय पर श्रीमद्भागवत महापुराण के दसवें स्कंध के चौरासीवें अध्याय में श्रीकृष्ण का एक बेहद महत्वपूर्ण श्लोक मिलता है। कुरुक्षेत्र में ऋषियों और विद्वानों की उपस्थिति में श्रीकृष्ण ऐसा उपदेश देते हैं, जिसमें वह उन लोगों की सोच पर सवाल उठाते हैं जो शरीर, परिवार, भूमि, मूर्ति और जल को ही सब कुछ समझते हैं, लेकिन आध्यात्मिक ज्ञान रखने वाले व्यक्तियों की संगति और सम्मान को महत्व नहीं देते।
श्रीकृष्ण कहते हैं—
यस्यात्मबुद्धिः कुणपे त्रिधातुके।
स्वधीः कलत्रादिषु भौम इज्यधीः।
यत्तीर्थबुद्धिः सलिले न कर्हिचि-
ज्जनेष्वभिज्ञेषु स एव गोखरः॥
(श्रीमद्भागवत महापुराण, 10.84.13)
इस श्लोक का अर्थ है कि जो व्यक्ति वात, पित्त और कफ से बने इस नश्वर शरीर को ही अपना वास्तविक स्वरूप समझता है, जो अपने परिवार और रिश्तेदारों को ही अपना सब कुछ मानता है, जो मिट्टी से बनी प्रतिमा या भूमि को ही पूजनीय समझता है और तीर्थ को केवल जल तक सीमित रखता है, लेकिन आध्यात्मिक ज्ञान रखने वाले व्यक्तियों की संगति और सम्मान को महत्व नहीं देता, वह मनुष्य गाय और गधे के समान है।
अब जरा सोचिए, यहां कृष्ण किस तरह की धार्मिक सोच पर सवाल उठा रहे हैं? वह उस मानसिकता की आलोचना कर रहे हैं जिसमें इंसान बाहरी धार्मिक प्रतीकों और कर्मकांडों को तो बहुत महत्व देता है, लेकिन ज्ञान और विवेक को महत्व नहीं देता।


Comments
Post a Comment