अगर जन्म और मृत्यु ईश्वर ने लिखे हैं, तो अकाल मृत्यु किसने लिखी है?


हम अक्सर लोगों को कहते हुए सुनते हैं कि इंसान का जन्म और मृत्यु सब ईश्वर के हाथ में है। कब किसका जन्म होगा और कब किसकी मृत्यु होगी, यह सब पहले से तय है। इंसान चाहे कितनी भी कोशिश कर ले, ईश्वर की मर्जी के बिना कुछ नहीं हो सकता।

लेकिन जब किसी व्यक्ति की कम उम्र में मृत्यु हो जाती है, किसी की सड़क दुर्घटना में जान चली जाती है या कोई छोटी उम्र में ही बीमारी के कारण दुनिया छोड़ देता है, तब हम कहते हैं कि यह तो अकाल मृत्यु हो गई। अभी तो उसकी उम्र ही नहीं थी।

अब जरा इस बात पर सोचिए। अगर जन्म और मृत्यु ईश्वर ने पहले से लिख रखी है, तो फिर अकाल मृत्यु किसने लिखी है? अगर किसी व्यक्ति की मृत्यु ईश्वर ने तय की थी, तो फिर उसे अकाल मृत्यु क्यों कहा जा रहा है? क्या ईश्वर ने उसकी उम्र कम लिख दी थी? अगर ऐसा है तो फिर यह भी ईश्वर की ही मर्जी हुई।

और अगर अकाल मृत्यु ईश्वर की मर्जी के बिना आ गई, तो फिर यह कैसे कहा जा सकता है कि दुनिया में सब कुछ ईश्वर की मर्जी से होता है? क्या इसका मतलब यह है कि कुछ घटनाएं ऐसी भी हैं जिन पर ईश्वर का नियंत्रण नहीं है?

मान लीजिए किसी व्यक्ति की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो जाती है। अगर ईश्वर सब कुछ नियंत्रित करता है, तो क्या वह उस दुर्घटना को रोक नहीं सकता था? अगर रोक सकता था और फिर भी उसने नहीं रोका, तो फिर उस व्यक्ति की मृत्यु को ईश्वर की मर्जी क्यों न माना जाए? और अगर ईश्वर उस दुर्घटना को रोक ही नहीं सकता था, तो फिर उसे सर्वशक्तिमान कैसे कहा जा सकता है?

इंसान की एक और अजीब सोच है। वह यह मानने को तैयार ही नहीं होता कि किसी व्यक्ति की कम उम्र में हुई मृत्यु भी एक प्राकृतिक मृत्यु हो सकती है। वह तुरंत उसकी मृत्यु के पीछे पिछले जन्म के कर्मों का फल, पाप या किसी पुराने जन्म का हिसाब-किताब खोजने लगता है। लेकिन मेरा ऐसे लोगों से एक सीधा सवाल है कि क्या प्रकृति ने तुम्हें कोई लिखित प्रमाण दिया है कि इंसान की मृत्यु केवल 80, 90 या 100 साल की उम्र में ही होगी? क्या प्रकृति ने कहीं यह नियम लिखा है कि इससे पहले होने वाली हर मृत्यु अकाल मृत्यु कहलाएगी?

आखिर तुमने किस आधार पर यह तय कर लिया कि 90 साल की उम्र में मरना सामान्य मृत्यु है और 20, 30 या 40 साल की उम्र में मरना अकाल मृत्यु है? क्या तुम्हारे पास इसका कोई प्रमाण है कि प्रकृति ने हर इंसान के लिए पहले से 80 या 100 साल की उम्र निर्धारित कर रखी है?

जीवन की कोई निश्चित समय-सीमा प्रकृति ने लिखकर नहीं दी है। इंसान का शरीर जैविक प्रक्रियाओं, परिस्थितियों, बीमारियों और दुर्घटनाओं के अधीन है। मृत्यु किसी भी उम्र में हो सकती है। कम उम्र में मृत्यु होना दुखद जरूर है, लेकिन उसे पिछले जन्म के पाप या कर्मों का फल मान लेना कहां तक उचित है? क्या किसी के पास इसका कोई प्रमाण है, या फिर यह सिर्फ एक ऐसी मान्यता है जिसे बिना सवाल किए पीढ़ियों से स्वीकार किया जा रहा है?

यहां एक और सवाल पैदा होता है। जब किसी की मृत्यु होती है तो लोग कहते हैं कि भगवान की मर्जी के बिना एक पत्ता भी नहीं हिलता, लेकिन जब कोई असमय मर जाता है तो कहते हैं कि उसकी उम्र अभी बाकी थी। आखिर ये दोनों बातें एक साथ कैसे सही हो सकती हैं?

मेरे हिसाब से हमें किसी भी मान्यता को सिर्फ इसलिए स्वीकार नहीं कर लेना चाहिए क्योंकि उसे सदियों से लोग मानते आ रहे हैं। हर बात को तर्क और विवेक की कसौटी पर परखना चाहिए। प्रकृति में जन्म और मृत्यु जैविक प्रक्रियाओं और परिस्थितियों से जुड़ी घटनाएं हैं। दुर्घटना, बीमारी और प्राकृतिक कारणों से किसी की मृत्यु हो सकती है। इसके लिए किसी अदृश्य शक्ति की इच्छा या पिछले जन्म के कर्मों का हिसाब मानना जरूरी नहीं है।

अब आखिर में मेरा मुख्य सवाल है

अगर जन्म और मृत्यु ईश्वर ने लिखे हैं, तो अकाल मृत्यु भी ईश्वर ने ही लिखी होगी। और अगर अकाल मृत्यु ईश्वर की मर्जी के बिना हो सकती है, तो इसका सीधा अर्थ है कि हर जगह ईश्वर की मर्जी नहीं चलती।

इसलिए सवाल सिर्फ अकाल मृत्यु का नहीं है, सवाल उस मान्यता का है जिसमें एक तरफ ईश्वर को सर्वशक्तिमान बताया जाता है और दूसरी तरफ ऐसी घटनाओं के लिए भी जगह बनाई जाती है, जो कथित रूप से उसकी मर्जी के विरुद्ध हो जाती हैं।

और सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब प्रकृति ने किसी इंसान की उम्र तय होने का कोई लिखित प्रमाण नहीं दिया, तो इंसान किस आधार पर यह दावा करता है कि किसी की मृत्यु सही उम्र में हुई और किसी की अकाल मृत्यु?

Comments